किसान आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरे सपाई, सैकड़ों गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 14 दिसम्बर एएनएस। केंद्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के एक दिन के उपवास के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के अनेक जिलों में प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर उन्हें हिरासत में भी लिया गया। राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। सपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। महिला कार्यकर्ताओं समेत पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सपा के विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप ने बताया, समाजवादी पार्टी किसानों की मांगों का समर्थन करती है और उसकी सहानुभूति किसानों के साथ है। समाजवादी पार्टी की किसान यात्रा सात दिसंबर को आरंभ हुई थी और आज 14 दिसंबर को पार्टी के कार्यकर्ताओं का धरना प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर है। पार्टी के बहुत से नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है।  आगरा में पुलिस ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग किया। गोरखपुर में पुलिस ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया जब सोमवार को वे नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन करने जा रहे थे। पुलिस ने सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओ को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पार्टी अध्यक्ष राम नगीना साहिनी और पूर्व अध्यक्ष जियाउल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों से पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

सपा नेता राम नगीना साहिनी ने कहा, पुलिस और सरकार शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन का संवैधानिक अधिकार छीन रही है। फर्जी मुकदमे लगाये जा रहे हैं और हमें धरना प्रदर्शन नहीं करने दिया जा रहा है। गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार ने बताया, जिले में धारा 144 पहले से लागू है और महामारी के कारण बिना सामाजिक दूरी के एक स्थान पर लोगों का एकत्र होना सुरक्षित नहीं है। प्रदर्शन से पहले लोगों को मजिस्ट्रेट से इजाजत लेना होगा, फिर कोई आपत्ति नहीं 


लखनऊ में नेता विपक्ष रामगोविंद चौधरी आपने आवास पर धरने पर बैठे। पुलिस ने किसान बिल के विरोध में अपने आवास से निकलने पर रोका। लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिला मुख्यालयों में किसान संगठनों का आज प्रदर्शन है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी जिलों में शांतिपूर्ण अहिंसात्मक धरना देने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ में चिनहट के ग्रामीण क्षेत्र से आज किसानों निकलकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च करेंगे। भाकियू टिकैत गुट इस पैदल मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने देवा रोड को ब्लॉक किया है। चिनहट पुलिस ने किसानों को रोक दिया है।
वाराणसी में बीएचयू गेट पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले बीएचयू के छात्रों ने किसानों के समर्थन में प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर  नारे लगाए। सपा के पूर्व मंत्री व अन्य नेताओं को नजरबंद कर दिया गया। बलिया में किसान बिल के खिलाफ समाजवादी पार्टी कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही थी। पूर्वांचल में पुलिस कई सपा नेताओं के घरों के बाहर तैनात हो गई है साथ ही जिला मुख्यालयों पर भी मुस्तैद है। चन्द्रशेखर नगर में पूर्व मंत्री नारद राय के के आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची और उन्हें नजरबंद कर दिया।