किसान आंदोलन में समर्थन के लिए राकेश टिकैत ने हॉलिवुड को कहा शुक्रिया

राष्ट्रीय
Spread the love

नईदिल्ली,04 फरवरी (ए)। किसान आंदोलन के समर्थन में उतरे विदेशी कलाकारों के लिए भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गुरुवार को  एक बेहद हैरान करने वाला बयान दिया है। मीडिया कर्मियों ने आज जब राकेश टिकैत को यह बताया कि कई विदेशी कलाकारों जैसे रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग, मिया खलिफा द्वारा किसान आंदोलन का समर्थन किया है तो टिकैत ने कहा कि मुझे क्या पता, समर्थन किया होगा, मैं क्या उन्हें जानता हूं। टिकैत ने कहा कि हॉलीवुड कलाकारों द्वारा किसानों के आंदोलन का समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है, मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से तो नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी स्वार्थ के समर्थन कर रहे हैं। अगर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें धन्यवाद दिया है, तो किसान यूनियन वही करेगा। इससे पहले टिकैत ने कहा कि सरकार पहले की तरह संयुक्त किसान मोर्चा से बात कर ले, लेकिन सरकार बात नहीं कर रही क्योंकि वो इस आंदोलन को लंबा चलाना चाहती है। हम बातचीत के लिए कहते रहेंगे कि बात करो। उन्होंने कहा कि 6 फरवरी को तीन घंटे का चक्का जाम होगा। यह दिल्ली में ही नहीं बल्कि दिल्ली के बाहर हर जगह होगा। इसमें फंसे लोगों को खाना और पानी दिया जाएगा। हम उन्हें बताएंगे कि सरकार हमारे साथ क्या कर रही है।