चंद्रयान-3 की सफलता पर नासा प्रमुख ने भारत और इसरो को बधाई दी

राष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन, 23 अगस्त (ए) नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने बुधवार को चांद पर ‘चंद्रयान-3’ की सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ पर भारत को बधाई दी और कहा कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी इस मिशन में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की “साझेदार” बनकर खुश है।.

भारत का चंद्रयान-3 सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ के साथ चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला अंतरिक्ष मिशन बन गया है। इससे कुछ दिन पहले रूस का लूना-25 अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर दुर्घटना का शिकार हो गया था।.नेल्सन ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग पर इसरो को बधाई! और चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर #भारत को बधाई। हम इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुश हैं!’भारत ने दूसरे प्रयास में चंद्रमा पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ में सफलता प्राप्त कर ली। इससे पहले चंद्रमा की सतह पर पूर्ववर्ती सोवियत संघ, अमेरिका और चीन ही ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर पाए हैं।