छत्तीसगढ़ में छापेमारी हमें नहीं रोक सकती, कांग्रेस ने अंग्रेजों को वापस भेजा था: खरगे

छत्तीसगढ़ रायपुर
Spread the love

बालाघाट (मप्र), चार नवंबर (ए) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस द्वारा अंग्रेजों को देश से वापस भेजने का जिक्र करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में केंद्रीय एजेंसियों की हालिया छापेमारी उनके कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ साथ भाजपा शासित मध्य प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव में जीतेगी।.

वह शनिवार को मप्र के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले के कटंगी शहर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जहां 17 नवंबर को मतदान होना है। खरगे ने कहा, ‘‘ मैं कल (शुक्रवार) को छत्तीसगढ़ में था। मोदी साहब (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) और शाह साहब ( केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) की फौज भी वहां थी। ईडी, सीबीआई आयकर छापों के जरिए वे हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को डराना चाहते थे ताकि वे हतोत्साहित होकर घर बैठ जाएं।’

उन्होंने कहा कि वे सोच रहे हैं कि इन छापों से कांग्रेस कार्यकर्ता घर बैठ जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस निश्चित तौर पर जीत हासिल करने जा रही है।

कांग्रेस भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर विभिन्न छापों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार को निशाना बनाने एवं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर (आईटी) को हथियार बनाने का आरोप लगा रही है।

कांग्रेस ने ताजा आरोप शुक्रवार को लगाया जब ईडी ने दावा किया कि फोरेंसिक विश्लेषण और ‘कैश कूरियर’ के बयान से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटरों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है।

खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने अंग्रेजों से लड़ाई की, उन्हें वापस भेजा और महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत की आजादी सुनिश्चित की।

उन्होंने कहा ,‘‘ जवाहरलाल नेहरू ने लोकतंत्र को मजबूत किया। बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने गरीबों को मजबूत करने के लिए कानून बनाया। हम मोदी, शाह और उनके चेलों से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस दिन-ब-दिन मजबूत होती जा रही है।’’

मोदी को झूठों का सरदार करार देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह काम करने के बजाय कांग्रेस और गांधी परिवार को गालियां दे रहे हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों– जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकारों ने बहुत काम किया था।

उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों के हाथों में फोन हैं और यह तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की दूरदर्शिता के कारण संभव हुआ। उन्होंने राजीव गांधी की भारत में मोबाइल फोन और कंप्यूटर पेश करने के लिए प्रशंसा की।कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों का निर्माण किया और डॉक्टर तैयार किये जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों की मदद की।

खरगे ने कहा कि पिछली सरकार के महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) ने महामारी के दौरान लोगों को जीविका चलाने में मदद की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों और गरीबों के लिए काम करती है, जबकि मोदी सरकार (गौतम) अडानी जैसे व्यापारिक दिग्गजों के लिए काम करती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश ने 225 महीने में 250 घोटाले देखे हैं।

बालाघाट के कटंगी के बारे में उन्होंने कहा कि यह पहले भंडारा-गोंदिया का हिस्सा था, जहां से संविधान बनाने वाले डॉ. अंबेडकर ने 1954 में चुनाव लड़ा था। इसके अलावा, इस स्थान पर एक प्रसिद्ध मंदिर है और इसे एक पवित्र भूमि माना जाता है