दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 2.7 रही तीव्रता

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली, 02 दिसम्बर एएनएस। दिल्ली में आज सवेरे भूकंप के झटके महसूस किये गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 2.7 रही। दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके सवेरे 4.05 बजे महसूस किये गए। भूकंप का केंद्र दिल्ली के सटे गाजियाबाद को बताया जा रहा है। फिलहाल किसी क्षति की सूचना नहीं है। 
जब से लॉकडाउन हुआ तब से लेकर अब तक दिल्ली में 10 से ज्यादा भूकंप आ चुके हैं और उनका केंद्र भी एनसीआर के आसपास ही रहा है। कल सुबह उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किये गए थे।
कुछ समय पहले वैज्ञानिकों ने हिमालय में बड़े भूकंप की आशंका व्यक्त की थी और कहा था कि हिमालय पर्वत शृंखला में सिलसिलेवार भूकंपों के साथ बड़ा भूकंप कभी भी आ सकता है। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर आठ या उससे भी अधिक हो सकती है। वैज्ञानिकों का दावा है कि हिमालय के आसपास घनी आबादी वाले देशों में इससे भारी तबाही मच सकती है और राजधानी दिल्ली भी इसकी जद में होगी। हालांकि ये भूकंप कब आएंगे इसका अनुमान फिलहाल नहीं लगाया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 100 साल में इनके आने की आशंका है।