पत्रकार की हत्या मामले में चार व्यक्ति गिरफ्तार

अररिया बिहार
Spread the love

पटना, 19 अगस्त (ए) बिहार के अररिया जिले में पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या के मामले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।.

पुलिस ने बताया कि एक हिंदी दैनिक के लिए काम करने वाले यादव की शुक्रवार को प्रेमनगर गांव स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे यादव के घर पर दस्तक दी और यादव ने जैसे ही दरवाजा खोला, उन पर गोली चला दी।.

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जिले के निवासी विपिन यादव, भावेश यादव, आशीष यादव और उमेश यादव के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय पत्रकार अपने भाई की 2019 में हुई हत्या का गवाह था। पुलिस ने बताया कि विमल कुमार यादव के पिता हरेंद्र प्रसाद सिंह के बयान के आधार पर आठ व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी रूपेश यादव और क्रांति यादव पहले से ही किसी अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस उन्हें हत्या के मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।’’

पुलिस ने बताया कि फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।