बलिया हत्याकांड: आरोपी ने विडियो जारी कर खुद को बताया निर्दोष, कहा- गोली मैंने नहीं विरोधियों ने चलाई

उत्तर प्रदेश बलिया
Spread the love


बलिया,17 अक्टूबर एएनएस। यूपी के बलिया हत्याकांड का मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह खुद को निर्दोष बता रहा है, उसका कहना है कि गोली उसने नहीं उसके विरोधियों ने चलाई थी। आरोपी धीरेंद्र ने सोशल मीडिया पर अपना एक विडियो जारी किया है। इस विडियो में वह खुद को बेगुनाह और निर्दोष बता रहा है। दरअसल घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है लेकिन मुख्य आरोपी उनके चंगुल से अब भी बाहर है। इस बीच मुख्‍य आरोपी का सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो वायरल हो रहा है। इस विडियो में उसने खुद को निर्दोष बताते हुए प्रशासन पर आरोप लगाया हैं। जारी वीडियो में आरोपी धीरेंद्र खुद को पूर्व सैनिक संगठन का अध्यक्ष बता रहा है। उसका कहना है कि यह घटना आचानक नहीं हुई है। यह पूरी प्लानिंग के तहत हुआ है। उसने दुकान के आवंटन के लिए बैठक शुरू होते ही उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और अन्य अधिकारियों से बवाल होने की संभावना जताई थी लेकिन अधिकारियों ने उसकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया।
धीरेंद्र ने कहा कि अधिकारियों की मौजूदगी में उसके पिता और भाभी पर हमला किया गया। हमलावर लाठी डंडे और अवैध असलहों से लैस थे। उसने दावा किया कि इस घटना में उसके परिवार के एक व्यक्ति की मौत हो गई है तथा एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना में उसके पक्ष के भी कई लोग घायल हुए हैं। धीरेंद्र ने कहा कि उसे नहीं पता कि जयप्रकाश पाल गामा की मौत किसकी गोली लगने से हुई है? साथ ही प्रशासन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसकी शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। धीरेंद्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की सही जांच और न्याय की मांग भी की है। आपको बता दें कि इससे पहले बलिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह भी आरोपी के बचाव में बयान दे चुके हैं कि उसने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई है जबकि आरोपी खुद को निर्दोष बता रहा है और कह रहा है कि गोली उसके विरोधियों ने चलाई है ।