बेंगलुरु में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे पुलिस : सिद्धरमैया

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु, 24 नवंबर (ए) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि अपने अधिकार क्षेत्र में कड़ी निगरानी और अपराधों पर रोक की दिशा में काम करते हुए पुलिस को हर हाल में महिलाओं की सुरक्षा करनी चाहिए।.

बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त के कार्यालय में स्थापित किए गए ‘सुरक्षित शहर कमान केंद्र’ का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचना चाहिए।.सिद्धरमैया ने स्वीकार किया कि बेंगलुरु में झपटमारी, महिलाओं के खिलाफ हिंसक अपराध और हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में आपराधिक और अवैध गतिविधियों में कमी को सुनिश्चित करने के लिए इस कमान केंद्र का उचित उपयोग किया जाना चाहिए।

इस कमान केंद्र का निर्माण ‘निर्भया कोष’ से 668 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

उन्होंने पुलिस से ऐसे घरों और आवासीय इमारतों पर भी नजर रखने का आग्रह किया जहां अकेली महिलाएं रहती हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शहर सभी के लिए सुरक्षित है।

सिद्धरमैया ने पुलिस को शहर में यातायात की आवाजाही को आसान बनाने पर ध्यान देने और अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में सख्ती से कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ यह सुनिश्चित करें कि अपराध न हो। अपराध होने के बाद अपराधी को पकड़ना और उसे सजा मिले यह सुनिश्चित करना एक अलग बात है। लेकिन अपराध को घटित होने से रोकना होगा। बेंगलुरु एक सुरक्षित शहर होना चाहिए।’’