भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही : अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ, 08 नवम्बर ए।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिकी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसका संदेश दूर तक जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा नफरत और समाज को बांटने की राजनीति करती है। समाजवादी हमेशा सद्भाव, सबका सम्मान और सबके हित में काम करने में विश्वास करते हैं।
उन्होंने रविवार को मिर्जापुर मां विंध्यवासिनी के पुरोहित परिवार के सदस्य राज मिश्र के सपा में शामिल होने पर यह बातें कहीं। राज ने अपने सैकड़ों अनुयायियों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश ने अमेरिकी सर्वे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पत्रकारों ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने 22 हजार से ज्यादा बार झूठ बोला है, लेकिन भारत में झूठ के लिए कोई स्थान नहीं है। सत्य के रास्ते से ही समाज व देश का कल्याण हो सकता है। देश का किसान दुखी है। भाजपा सरकार ने नए कानून लाकर किसानों को परेशान किया है।

उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि आज ही के दिन 8 नवंबर 2016 को अचानक प्रधानमंत्री ने नोटबंदी कर दी थी। इस नोटबंदी से लोगों का घर में रखा पैसा बैंक में जमा हो गया। लोग तो कंगाल हो गए और अमीर जमा धन लूट कर विदेश भाग गए। देश आर्थिक संकट में फंस गया है। नोटबंदी से व्यापार चौपट हुआ, रोजगार छिन गए। नौजवानों के सपनों को मार दिया गया। देश खुशहाली के रास्ते से पीछे चला गया। इस मौके पर समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. बी. पांडेय, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल आदि थे।