भारत में 2022 में हर दिन अपहरण के 294 से अधिक मामले दर्ज किये गये, उत्तर प्रदेश रहा शीर्ष पर: एनसीआरबी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, पांच दिसंबर (ए) भारत में वर्ष 2022 में अपहरण के एक लाख से अधिक मामले दर्ज किये गये। इस मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर रहा। एनसीआरबी के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। .

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार, देश में अपहरण के हर दिन औसतन 294 से अधिक, जबकि हर घंटे 12 से ज्यादा मामले दर्ज किये गये। .एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में देश में प्रति एक लाख आबादी पर अपराध की औसत दर 7.8 थी, जबकि ऐसे अपराधों में आरोप पत्र दायर करने की दर 36.4 थी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले एनसीआरबी के अनुसार, 2022 में देश में अपहरण के 1,07,588 मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 1,01,707 और 2020 में 84,805 था।

एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 2022 में अपहरण की 5,641, 2021 में 5,527 और 2020 में 4,062 एफआईआर दर्ज की गईं।

उत्तर प्रदेश में 2022 में अपहरण के सबसे अधिक 16,262 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 में 14,554 और 2020 में 12,913 थे।