युवती से दुष्कर्म और बंधक बनाने का आरोप, होटल सील

उत्तर प्रदेश मेरठ
Spread the love

मेरठ: 25 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवती ने युवक पर दुष्कर्म, मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित होटल को सील कर दिया है और होटल मैनेजर सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद युवती ने सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने सलमान नामक युवक पर मारपीट और दुष्कर्म करने तथा बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है।उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गई हैं। साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के लिए होटल को सील कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। होटल को स्थायी रूप से सील कराने के लिए जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण और छावनी परिषद को पत्र भी भेजा गया है।

एसएसपी ने बताया कि होटल मैनेजर से पूछताछ की जा रही है और होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों की भी जांच होगी। उन्होंने कहा कि मामले में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को आबूलेन स्थित होटल से एक युवती ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर भागी थी। आरोप है कि उसके पीछे आया एक युवक उसे पकड़कर होटल के अंदर खींचने लगा। युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इसी दौरान युवक होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो होटल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।