उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में नौ आतंकवादी मारे गए

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

पेशावर: 25 नवंबर (ए) पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में नौ आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बन्नू जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों के चलाए एक अभियान के दौरान पेड़ों के बीच छिपे तीन आतंकवादी मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया। वहीं, मंगलवार देर रात लक्की मरवत जिले के वांडा फतेह खान इलाके में छह अन्य आतंकवादियों को मार गिराया गया।

दोनों अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकानों की पहचान कर उन्हें निशाना बनाया।

ये अभियान देश में शांति और स्थिरता बहाल करने तथा आतंकवाद को खत्म करने के लिए जारी प्रयासों का हिस्सा हैं। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पूरी तरह सफाये और स्थायी शांति स्थापित होने तक अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।