लखनऊ: 24 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली चोरी का एक नया हाईटेक तरीका सामने आया है। इसमें बिजली के इलेक्ट्रॉनिक मीटर के आंतरिक सर्किट और सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ कर वास्तविक खपत से कम बिजली दर्ज की जा रही थी।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि लखनऊ विद्युत आपूर्ति प्रशासन (लेसा) की एक टीम ने बिजली मीटरों में इस तरह की तकनीकी छेड़छाड़ का पता लगाया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस तरीके में मीटर के पिछले हिस्से में छेद करके उसके आंतरिक इलेक्ट्रॉनिक सर्किट तक पहुंच बनाई जाती है। इसके बाद मीटर की प्रोग्रामिंग, कॉन्फिगरेशन या बिजली खपत मापने की प्रक्रिया में अनधिकृत बदलाव किए जाते हैं, जिससे वास्तविक खपत के मुकाबले कम बिजली दर्ज होती है।
अपर पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) आर.के. स्वर्णकार ने बताया कि बिजली चोरी का यह तरीका पारंपरिक तरीकों से अलग है। आमतौर पर बिजली चोरी के लिए कटिया डालने या मीटर को बाइपास करने जैसे तरीके अपनाए जाते हैं, लेकिन इस नई तकनीक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था से सीधे छेड़छाड़ किए बिना मीटर की माप और रिकॉर्डिंग प्रणाली को प्रभावित किया जाता है।
स्वर्णकार ने बताया कि इस तरीके में बिजली की आपूर्ति सामान्य मीटरिंग सर्किट के जरिए जारी रहती है और बाहर से देखने पर मीटर सामान्य रूप से काम करता दिखाई देता है। हालांकि, आंतरिक तकनीकी व्यवस्था में बदलाव के कारण बिजली की वास्तविक खपत सही तरीके से दर्ज नहीं हो पाती।
उन्होंने कहा कि मीटर के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में छेड़छाड़ के कारण इस तरह की बिजली चोरी का पता लगाना तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
स्वर्णकार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लेसा की टीम ने संदिग्ध मीटरों की तकनीकी जांच और आवश्यक परीक्षण शुरू कर दिए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों का पता लगाने के लिए केवल मीटर की बाहरी जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके आंतरिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और उसमें दर्ज बिजली खपत का भी विश्लेषण करना जरूरी है।
स्वर्णकार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मीटर में किसी भी तरह की अनधिकृत भौतिक या सॉफ्टवेयर आधारित छेड़छाड़ बिजली कानूनों के तहत दंडनीय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।