लखनऊ: 24 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है और सीट आवंटन तय करते समय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
सपा नेता राम गोपाल यादव के इस बयान पर कि पार्टी ने अपने सहयोगियों को 26 सीटों की पेशकश की है, अखिलेश ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बातचीत के नतीजे पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से अधिकृत वरिष्ठ नेता गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान उन सीटों की संख्या पर विचार किया जा रहा है, जिन पर सहमति बन सकती है। साथ ही, विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की चुनावी संभावनाओं का भी आकलन किया जा रहा है।
अखिलेश ने कहा, ”बातचीत जारी है। हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिन्हें बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी गई है, सहयोगी दलों के साथ चर्चा कर रहे हैं। वे इस पर विचार कर रहे हैं कि कितनी सीटों पर सहमति बन सकती है और गठबंधन का प्रत्येक सहयोगी दल कितनी सीटें जीत सकता है। इसलिए इस समय कुछ भी कहना मुश्किल है।”
सपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को हराना है इसलिए चुनावी सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी सहयोगी दलों को मिलकर काम करना होगा और एक-दूसरे के लिए जगह बनानी होगी।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”गठबंधन इसलिए बनते हैं ताकि हम चुनाव जीत सकें। गठबंधन का उद्देश्य जीत सुनिश्चित करना है। हमें मिलकर काम करना होगा और इस तरह तालमेल बैठाना होगा तथा एक-दूसरे को समायोजित करना होगा, जिससे हम अपने विरोधियों को हरा सकें। राजनीतिक दलों की यह सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या प्रत्येक दल को मिलने वाली सीटों की संख्या तय करने का एकमात्र आधार जीतने की क्षमता होगी, अखिलेश ने कहा कि गठबंधन बनाने और उम्मीदवारों के चयन के मुद्दे अलग-अलग हैं।
उन्होंने कहा, ”ये दो अलग-अलग मुद्दे हैं। मैंने आपको बताया कि गठबंधन चुनाव जीतने के लिए बनते हैं। जीतने की क्षमता का मतलब जीत का रास्ता तलाशना, चुनावी समीकरणों को समझना और यह तय करना है कि किसे उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।”
अखिलेश ने कहा कि चुनावी चुनौती बड़ी होने के मद्देनजर समाजवादी पार्टी अपने सहयोगी दलों के साथ तालमेल बैठाने और उन्हें समायोजित करने के लिए तैयार है।
सपा प्रमुख ने कहा, ”समाजवादी पार्टी तालमेल बैठाने और दूसरों को साथ लेकर चलने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुकाबला बड़ा है और जब हम इतनी बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं तो हमारा उद्देश्य स्पष्ट है-जीतने की क्षमता। हमें चुनाव जीतना है।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मजबूत चुनावी मशीनरी का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि विपक्षी दलों को जीत सुनिश्चित करने के लिए उसी के अनुरूप रणनीतिक तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे।
उन्होंने कहा, ”जब मुकाबला भाजपा जैसी मशीनरी को हराने का हो तो हमें उसी के अनुरूप तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे।”
सपा प्रमुख की यह टिप्पणी सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे तथा मिलकर चुनाव लड़ने की व्यापक रणनीति को लेकर जारी बातचीत के बीच आई है।
उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत अभी जारी है और अंतिम व्यवस्था आपसी तालमेल तथा संबंधित दलों की चुनावी ताकत के आधार पर तय होगी।
