तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद के जरिए तमिलनाडु के लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे भाजपा, आरएसएस : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मदुरै (तमिलनाडु): 25 नवंबर (ए) तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बी मणिकम टैगोर ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और हिंदू मुन्नानी पर राज्य के लोगों को बांटने के उद्देश्य से तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव का ‘‘राजनीतिकरण’’ करने का आरोप लगाया।

पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाए जाने के विरोध में प्रदर्शन होने के एक दिन बाद टैगोर ने तिरुप्परनकुंद्रम में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।

उन्होंने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार का बचाव करते हुए दावा किया कि ‘‘प्रशासन और जिलाधिकारी दोनों ने उच्चतम न्यायालय के आदेशों का सम्मान किया है।’’

उच्चतम न्यायालय ने 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर एक बार के विशेष उपाय के तौर पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि केवल अधिकृत दल ही दीप जलाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के प्रवेश, जुलूस और लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई थी।

टैगोर ने कहा, ‘‘आरएसएस, हिंदू मुन्नानी और अन्नामलाई के गिरोह की समस्या यह है कि वे स्वयं को श्रद्धालु समझते हैं। वे श्रद्धालु नहीं हैं। वे दीपम उत्सव में बाधा डालना चाहते थे।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम में मंगलवार शाम कार्तिगई दीपम उसी पारंपरिक स्थान पर ‘‘सफलतापूर्वक जलाया गया’’, जहां पिछले 300 वर्षों से जलाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि विजय के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने सही निर्णय लिया है।

पारंपरिक दीप 24 नवंबर की शाम दीपथून के बजाय उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास उसके परंपरागत स्थान पर जलाया गया था। इसके विरोध में भाजपा और हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी की तलहटी में प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।

राज्य सरकार के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने की याचिकाकर्ताओं की चेतावनी पर प्रतिक्रिया देते हुए टैगोर ने शीर्ष अदालत के आदेश के ‘‘बिंदु संख्या 14’’ का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि देवस्थानम तय करेगा कि दीप कौन जलाएगा और कहां जलाया जाएगा। देवस्थानम के न्यासी मंडल (अरंगावलर कुझु) ने छह घंटे तक विचार-विमर्श किया और प्रथा के अनुसार उसी पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने का निर्णय लिया। तमिलनाडु सरकार और जिलाधिकारी दोनों ने उच्चतम न्यायालय के आदेशों का सम्मान किया है।’’

टैगोर ने विरोध प्रदर्शनों को बाहरी लोगों की करतूत करार देते हुए दावा किया कि तिरुप्परनकुंद्रम में शांति बनी रही और इस मंदिर नगरी के लोगों ने मुद्दे के जरिए ध्रुवीकरण करने के प्रयासों को खारिज कर दिया।

राज्य सरकार पर ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ करने और ‘‘द्रमुक 2.0’’ की तरह काम करने के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस निर्णय को तमिलनाडु की धार्मिक सह-अस्तित्व की संस्कृति पर आधारित ‘‘प्राकृतिक न्याय’’ करार दिया।

टैगोर ने कहा, ‘‘यह तुष्टीकरण नहीं, बल्कि प्राकृतिक न्याय है। तमिलनाडु के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और दीपम, रमजान तथा क्रिसमस साथ मिलकर मनाते हैं। यहां हर किसी की आस्था का सम्मान किया जाता है। हमारे यहां केवल एक ईश्वर नहीं है, बल्कि मुनियम्मा और कालियम्मन जैसे हजारों देवी-देवता हैं।’’