रोजगार होता तो दिन में 12 घंटे मोबाइल नहीं चलाते युवा: राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश संभल
Spread the love

संभल/ लखनऊ: 24 फरवरी (ए) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि यदि हिंदुस्तान में रोजगार होता तो युवा 12 घंटे मोबाइल न चलाते।

राहुल गांधी ने यह बात अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत संभल में एक सभा को संबोधित करते हुए कही।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मुरादाबाद, अमरोहा होते हुए संभल पहुंची, जिसमें तमाम जगह पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जोरदार स्वागत किया।

राहुल गांधी ने संभल में चंदौसी चौराहे पर लोगों को संबोधित करते हुए एक युवक से पूछा, ”तुम मोबाइल कितने घंटे चलाते हो, उसने कहा 12 घंटे।’’

इस पर राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान में रोजगार नहीं है तभी तो 12 घंटे मोबाइल चलाते हो। आपको मालूम है बड़े-बड़े व्यापारियों के बेटे रील नहीं देखते वे 24 घंटे अपना धन गिनते हैं। यदि आपको रोजगार मिलेगा तो आप आधे घंटे रील देखोगे और 12 घंटे काम करोगे।’’

राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान कई बार दावा किया है कि पिछड़े वर्गों, दलितों और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदायों के लोग बड़े पदों पर नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि हम इस देश में किसी कंपनी के कर्मचारियों की सूची निकालें, मालिकों की सूची निकालें। एक पिछड़ा दलित नहीं मिलेगा। मीडिया घरानों के मालिकों और रिपोर्टर की सूची निकालिये, निजी कॉलेज और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की सूची निकालिये। इन पदों पर वही तीन से चार फीसदी लोग (उच्च जाति के) काम करते रहते हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे किसानों, छोटे व्यापारियों को खत्म करने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपको भूखा मारा जा रहा है, आपको खत्म किया जा रहा है। परीक्षा पेपर इसीलिए लीक होते हैं क्योंकि ये लोग हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार नहीं दिलवाना चाहते और न हीं दिलवा सकते हैं।’’

गांधी ने कहा कि उन्होंने पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4000 किलोमीटर भारत जोड़ो यात्रा इसलिए की क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सभी जगह नफरत फैला रहे हैं।

मीडिया पर निशाना साधाते हुए कांग्रेस नेता गांधी ने कहा कि ‘‘जब भी हम मीडिया में अपनी बात रखते हैं, मीडिया हमारी बात ही नहीं दिखाती। चाहे मजदूरों की मेहनत की बात हो, बेरोजगारी की बात हो, महंगाई की बात हो, यह चीज मीडिया में दिखने वाली नहीं है। नफरत के बाजार में मोहब्बत की एक दुकान खोलनी है, मेरा काम लड़ना और देश से नफरत मिटाना है।’’

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘निर्दोष लोगों’ के घरों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाता है जबकि ‘दोषी’ बच जाते हैं।इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आगे बढ़ी, जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा भी अपने भाई के साथ शामिल हुईं।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने ‘ कहा, ‘‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मुरादाबाद से फिर से शुरू हुई। राहुल के साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। यात्रा जब मुरादाबाद की सड़कों पर बढ़ी तो विभिन्न क्षेत्रों के लोग वहां मौजूद थे।’’

खुली जीप में सवार दोनों नेताओं का उनके समर्थकों ने स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’, ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद’ और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस बीच राहुल और प्रियंका जनता का अभिवादन करते नजर आए। प्रियंका गांधी सप्ताहांत में उत्तर प्रदेश के शेष चरण में यात्रा का हिस्सा बनेंगी। उन्हें यात्रा में उत्तर प्रदेश के चंदौली में भाग लेना था, लेकिन खराब स्वास्थ्य और बाद में अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह उस समय यात्रा में शामिल नहीं हो सकीं।

प्रियंका गांधी ने मुरादाबाद में जनता को संबोधित करते हुए कहा, ”जब मैं पहले 2022 में यहां आई थी, तो हमने घोषणापत्र में बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने के लिए एक योजना बताई थी, जिसमें ‘जॉब कैलेंडर’ से लेकर परीक्षा और नियुक्ति की तारीख के बारे में जिक्र किया गया था।”

उन्‍होंने कहा, ”हमने गड़बड़ी की जांच और कार्रवाई के लिए एक आयोग बनाने की भी बात की, जो सभी अन्यायों के खिलाफ कार्रवाई करेगा और जो कोई भी ‘जॉब कैलेंडर’ से भटकने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ”देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। किसान कल भी प्रदर्शन कर रहे थे। किसान आज भी प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है।”

उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेश में किसानों को जीप से कुचलने, महिलाओं पर अत्याचार करने और पेपर लीक करने वालों के घर पर बुलडोजर नहीं चला। इस सरकार में दोषी लोगों पर नहीं बल्कि निर्दोष लोगों के घरों पर ही बुलडोजर चलता है।”

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के बारे में उन्होंने कहा, ‘न्याय’ शब्द इसलिए जोड़ा गया है, क्योंकि देश की महिलाओं, बच्चों और किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।”

उन्होंने कहा, ‘जब तक आप बदलाव नहीं लाएंगे, आपकी परिस्थितियां नहीं बदलेंगी।’

इस बीच मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद डॉ. एस. टी. हसन ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए। हसन ने दावा किया, ‘इस समय देश भयावह स्थिति से गुजर रहा है, आज तक सांप्रदायिक सौहार्द को इतना खतरा कभी नहीं हुआ।”

उन्होंने कहा, ”आज सभी भारतीय चाहते हैं कि हमारा प्यार, मोहब्बत और गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे।”

कांग्रेस प्रवक्ता हिंदवी ने बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा मुरादाबाद से राहुल गांधी के साथ जाएंगी और अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस एवं आगरा होते हुए यात्रा के रविवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर वह वहां भी रहेंगी।

समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव रविवार को आगरा में कांग्रेस की यात्रा में शामिल होंगे। यह निर्णय लोकसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर दोनों दलों (सपा-कांग्रेस) के बीच हुए समझौते के बाद आया है।

कांग्रेस ने कहा है कि 26 फरवरी से एक मार्च तक यात्रा को कुछ दिन रोका जाएगा ताकि राहुल गांधी 27 फरवरी और 28 फरवरी को ब्रिटेन स्थित कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान देने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को पूरा कर सकें और वह दिल्ली में अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में भाग ले सकें।

दो मार्च को दोपहर दो बजे राजस्थान के धौलपुर से एक बार फिर यात्रा शुरू होगी। इसके बाद यह मध्य प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन समेत कई जिलों से गुजरेगी।

इस दौरान राहुल गांधी पांच मार्च को उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे।