सड़क हादसे में दो की मौत, 5 घायल

मध्य प्रदेश सिवनी
Spread the love

सिवनी, नौ अक्टूबर (ए) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनादौन थानाक्षेत्र में दो गाड़ियों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी और पांच लोग घायल हो गये।

लखनादौन पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरिसिंह पटेल ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार सुबह को हुआ। फोरलेन सड़क पर एक तेज रफ्तार एसयूवी (जीप की तरह का वाहन) एक बाइक को बचाने के प्रयास के दौरान डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ से आ रही एक कार से टकरा गया। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एसयूवी में सवार चार लोग और बाइक पर सवार एक व्यक्ति सहित पांच लोग घायल हो गये। घायलों में दो महिलायें भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल को जबलपुर के मेडिकल कॉलेज में रैफर किया गया है। जबकि सामान्य घायलों का उपचार लखनादौन के अस्पताल में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एसयूवी में सवार सिवनी के निवासी लखनादौन जा रहे थे। तभी उनका वाहन गणेशगंज के पास हादसे का शिकार हो गया।

पटेल ने बताया कि कार में सवार लोग जबलपुर से सिवनी आ रहे थे। मृतकों की पहचान जबलपुर के रहने वाले सुनील गुसरानी (50) और किशोर पटेल (54) के रूप में की गयी है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिये गये हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।