सुरक्षा देने वाले ही असुरक्षित: बिहार में महिला सिपाही के साथ रेप,आरोपी पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

पटना बिहार
Spread the love

पटना, 23 दिसम्बर एएनएस। बिहार की राजधानी पटना के एक होटल में एक महिला सिपाही के साथ बलात्कार करने का मामला सामने आया है। बलात्कार का आरोप बिहार पुलिस के ही एक सिपाही पर लगा है। महिला सिपाही का पति भी सिपाही है। पति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। मामला राजधानी के राजीव नगर थाना इलाके का है। पीड़ित महिला, उसका पति और बलात्कार का आरोपी, तीनों ही पुलिस में सिपाही हैं। महिला सिपाही भोजपुर जिले की रहने वाली है। वर्तमान में उसकी ड्यूटी पटना में ही बिहार पुलिस के लिए चल रहे सिपाही बहाली में लगी हुई है। सिपाही पति की पोस्टिंग दूसरे जिले में है। बलात्कार का आरोपी सिपाही राजीव कुमार की तैनाती सहरसा में है। राजीव और महिला सिपाही एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। सोमवार को राजीव पटना आया था। उसने राजीव नगर थाना इलाके में एक होटल में कमरा लिया। इसके बाद उसने महिला सिपाही को मिलने के लिए कॉल कर बुलाया।
सिपाही बहाली की प्रक्रिया पटना के गर्दनीबाग में चल रही है। यहां से ड्यूटी खत्म होने के बाद महिला सिपाही राजीव से मिलने के लिए पहुंची। बातचीत के बाद दोनों होटल के कमरे में चले गए। दूसरी तरफ सिपाही पति भी अचानक से पटना आ गया। उसने अपनी पत्नी को खोजा और वो नहीं मिली। इसके बाद जब उसे कुछ लिंक मिला तो तलाश करते हुए वह होटल पहुंचा। इसके बाद सारा मामला सामने आया। पति ने राजीव नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। 
राजीव पर आरोप लगाते हुए पति ने लिखा कि उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर वो होटल ले गया और वहीं पर उसका बलात्कार किया। तत्काल राजीव नगर थाना की पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद छानबीन शुरू कर दी गई है।