मुंबई: दो नवंबर (ए) मुंबई में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद करीब 100 लोग संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने जांच के लिए भोजन के नमूने एकत्र किए हैं और विषाक्तता के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार को मुंबई के पूर्वी उपनगर नाहुर स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुई, जिसमें 400 से 500 अतिथि मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने आखिरी पांत में बैठकर खाना खाया था, उनमें खाद्य विषाक्तता से जुड़े लक्षण उभरने लगे, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, “लगभग 100 लोग बीमार पड़ गए। इनमें से 22 लोगों को मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल में, चार बच्चों को मुलुंड के कामगार अस्पताल में और पांच लोगों को विक्रोली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उन पर दवाओं का असर हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं तथा विषाक्तता के सटीक कारण का पता लगाने के लिए एफडीए ने भोजन के नमूने एकत्र कर लिए हैं।
उन्होंने कहा कि भांडुप पुलिस भोजन प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।
