शादी का प्रस्ताव ठुकराये जाने पर कॉलेज छात्रा की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

केंद्रपाड़ा: दो नवंबर (ए) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में 21 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा का कथित तौर पर गला रेतकर हत्या करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने युवक के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

पुलिस ने बताया कि मारसाघई थाना क्षेत्र के जादूपुर गांव की रहने वाली पीड़िता सस्मिता बेहरा शुक्रवार शाम को अपने घर से लापता हो गई थी। शनिवार सुबह गांव के पास पानी से भरे एक गड्ढे में उसका शव मिला, जिसके गले पर गहरा घाव था।

आरोपी की पहचान बालिसाही गांव के अरजीत मोहंती (25) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि जांच से पता चला है कि शुक्रवार रात को अरजीत ने सस्मिता की हत्या कर दी, क्योंकि उसने उसके शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

मारसाघई पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक तपन नायक ने बताया घटनास्थल के पास से खून से सना एक चाकू बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम और श्वान दस्ते ने भी घटनास्थल की जांच की है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) और 238 (सबूत मिटाने) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

सोमवार को जादूपुर में उस वक्त तनाव फैल गया, जब पुलिस द्वारा घटनास्थल पर घटनाक्रम को फिर से दोहराने के दौरान ग्रामीणों ने एक स्थानीय सड़क को अवरूद्ध कर दिया और मांग की कि आरोपी को उनके हवाले कर दिया जाए।

प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने के लिए मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को केंद्रपाड़ा की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।