लखनऊ: दो नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश सरकार जेलों की सुरक्षा के लिए 676 इंसास राइफल तथा प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक उपयोग के लिए कारतूस खरीदेगी। सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ पुलिस एवं कारागार व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और जेल वार्डन समेत कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए 676 अत्याधुनिक इंसास राइफल खरीदने जा रही है।
बयान के मुताबिक प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक उपयोग के लिए 58,795 कारतूस भी खरीदे जाएंगे। इस पूरी खरीद प्रक्रिया पर कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग करीब 14 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
बयान के अनुसार इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य कारागारों में तैनात सुरक्षा बलों को आधुनिक हथियारों से लैस करने के साथ उनकी कार्यक्षमता और प्रशिक्षण के स्तर को बेहतर बनाना है।
महानिदेशक (डीजी) कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पी सी मीना ने बताया कि कारागार विभाग की ओर से खरीदी जाने वाली इंसास राइफल और कारतूस की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के माध्यम से की जाएगी। इसके तहत 5.56 एमएम की एसएलआर इंसास राइफल खरीदी जाएंगी। विभाग ने इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
प्रस्ताव के अनुसार, 676 राइफलों की खरीद पर करीब साढ़े 13 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे जबकि 58,795 कारतूस की खरीद के लिए लगभग 30 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। इस प्रकार पूरी खरीद प्रक्रिया पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके पहले पिछले दो वर्षों के दौरान 254 इंसास राइफल और 44,875 कारतूस खरीदे जा चुके हैं
