रांची-रामगढ़,29 नवंबर (ए )। झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के भारी वाहन से टकरा जाने के कारण पांच महिलाओं और दो बच्चों समेत बिहार के 13 लोगों की मौत हो गई, तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना रांची-पटना राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुई और जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे। रामगढ़ के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने कहा, ‘‘एक स्कॉर्पियो में तीन महिलाओं सहित कुल 13 लोग सवार थे। यह गाड़ी आगे चल रहे एक वाहन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे।’’
उन्होंने कहा कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाए गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है और इसके सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं, रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा, ‘‘हादसा रात करीब दो बजे हुआ। गाड़ी में 14 लोग सवार थे। रात करीब 2:30 बजे सभी को रामगढ़ के सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया है।’’ बताया गया है कि मृतकों में निजी स्कूल संचालक 40 वर्षीय विवेकानन्द प्रसाद, उनकी पत्नी 38 वर्षीय अमृता देवी, 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, 11 वर्षीय अमन कुमार और 18 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा विवेकानन्द के चचेरे-ममेरे भाई के 22 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार और सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र चंदन कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भी मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे।रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार के अनुसार, ये सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगहारो गांव के रहने वाले थे और सभी राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
