बलिया: तीन नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में महिला रिश्तेदार से दुष्कर्म के आरोप में 52 वर्षीय एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बांसडीह थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला(25) सोमवार सुबह गोबर फेंकने के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर उसे जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
बांसडीह के थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार सुबह परवतपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया गया और बाद में जेल भेज दिया गया।
