भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन चार नवंबर से दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: तीन नवंबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार से गोरखपुर की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे और पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चार और पांच नवंबर को गोरखपुर के दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। पदयात्रा के जरिए लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता को समाप्त करने का संकल्प लिया जाएगा।

दीक्षित ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार सुबह गोरखपुर पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के तहत पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल की प्रतिमा के समीप स्थित माता काली मंदिर पर संपन्न होगी।

पदयात्रा के बाद नवीन तारामंडल स्थित एनेक्सी में समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह अन्य बैठकों में भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को नवीन गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद एनेक्सी लौटकर विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे।

अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वह प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व, मौजूदा एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।