देश में मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली,26 जनवरी (ए)। देश की राजधानी दिल्ली समेत सभी राज्यों में

सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य समारोह के बीच नेताओं के संदेशों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव और भविष्य के भारत की झलक दिखाई दी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन भारत की स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को और मजबूत करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करता है।

पंजाब और हरियाणा में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने फाजिल्का में राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में तिरंगा फहराया।

हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने पंचकूला में राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में तिरंगा फहराया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

होशियारपुर जिले में अपने संबोधन के दौरान मान ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की एकता व अखंडता की रक्षा करने के लिए सशस्त्र बलों को सलाम किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “गणतंत्र दिवस संवैधानिक मूल्यों में हमारी अटूट आस्था, सामाजिक समानता के संकल्प और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर मैं देश की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं, जिन्होंने मजबूत गणराज्य की नींव रखी।”

उन्होंने कहा, “आइए, इस गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लें और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करें।”

दोनों राज्यों के जिला मुख्यालयों पर पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पंजाब और हरियाणा में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।