नयी दिल्ली: नौ जून (ए)
) ओमान के तट के पास पलाऊ के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक टैंकर पर हुए ‘‘मिसाइल हमले’’ के बाद ओमान के अधिकारियों के समन्वय से पोत पर मौजूद भारतीय चालक दल के 24 सदस्यों को बचा लिया गया। भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आईसीजी ने एक बयान में कहा कि उसके मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) को आठ जून को ओमान के मसिराह तट के पास लंगर डाले टैंकर ‘एमटी मारिवेक्स’ पर मिसाइल हमले की सूचना मिली।आईसीजी ने बताया कि पोत पर 24 भारतीय नागरिक सवार थे। यह सूचना एमआरसीसी को पोत पर सवार चालक दल के एक सदस्य के रिश्तेदार ने दी थी।
बयान में कहा गया है कि सूचना मिलते ही एमआरसीसी ने मिसाइल हमले के बाद भारतीयों के सफल बचाव के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया।
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा, ‘‘स्थिति की गंभीरता और चालक दल की सुरक्षा से संबंधी खतरे को तुरंत भांपकर एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र (ओएमएससी) से संपर्क स्थापित किया और उससे खोज अभियान समन्वयक (एसएमसी) की भूमिका निभाने और पोत एवं उसके चालक दल को तत्काल सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।’’
आईसीजी ने बताया कि ओएमएससी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पास के एक जहाज को मोड़कर और दो बचाव हेलीकॉप्टरों को घटनास्थल पर भेजकर बचाव अभियान शुरू किया और उसका समन्वय किया।
स्थिति पर नजर रखने और भारतीय चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुंबई और ओमान के बचाव केंद्रों तथा अन्य संबंधित हितधारकों के बीच निरंतर समन्वय बना रहा।