मुरैना,14 जून (ए)। मध्य प्रदेश के मुरैना में रविवार को
उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से मची भगदड़ के बाद दूसरी ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत हो गई है। इन चार लोगों में एक बच्चा और तीन महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार को उदयपुर इंटिरसिटी में आग लगने की अफवाह फैल गई थी। इसके बाद तुरंत ट्रेन की चेन खीचीं गई। चेन पुल्लिंग के बाद कुछ यात्री पटरी पर कूद गए। इसी दौरान दूसरी तरफ से पातालकोट एक्सप्रेस आ रही थी जिससे कटकर चार लोगों की मौत हो गई। घटना हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हेतमपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और वह ट्रेन से पटरियों पर कूद गए। इसी दौरान चार यात्री दूसरी ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि शाम करीब सवा चार बजे मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में चेन पुलिंग से गाड़ी रुकी थी। गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर पस की रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।