यूपी में परिषदीय स्कूल 24 जून तक बंद,आदेश जारी

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ,16 जून (ए)। उत्तर प्रदेश में लू चलने और अत्यधिक गर्मी होने के कारण अब प्राइमरी और उच्च प्राइमरी विद्यालय 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने अब ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि 20 मई से 24 जून तक तय कर दिया है। इस बारे  में मंगलवार को नया आदेश जारी किया गया है। अब 20 मई 2026 से 24 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। 25 जून 2026 से विद्यालय पुनः खुलेंगे और पठन-पाठन शुरू होगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से ग्रीष्मकालीन अवकाश के कैलेंडर को बढ़ा दिया गया है। लू चलने और अत्याधिक गर्मी होने के कारण विद्यालयों को 16 जून से खुलने के बावजूद बंद करने की नौबत आती है। जिला स्तर पर डीएम गर्मी के कारण विद्यालयों को बंद करते हैं। जिससे कठिनाई आती है। ऐसे में अब ग्रीष्मकालीन अवकाश को बढ़ा दिया गया है। विद्यालयों के लिए आवश्यक प्रबंध करने को 22, 23 व 24 जून को सभी शिक्षक,  शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। वे स्कूल आएंगे। वह टाइम टेबल, मिड डे मील की तैयारी, पाठ्य-पुस्तकों की तैयारी, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं करेंगे। यही नहीं 21 जून को भी विद्यालय खोलकर वह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएंगे। योग दिवस पर छात्रों को भी स्कूल बुलाया जाएगा। फिलहाल एक शैक्षिक कैलेंडर में 220 दिन की पढ़ाई कराना अनिवार्य होगा।