सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 17 लड़कियों को बचाया गया

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता: चार जुलाई (ए)) पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक कथित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया और 17 लड़कियों को बचाया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर जिले में स्थित इस्लामपुर पुलिस जिला क्षेत्र में अपनी तरह के पहले ऑपरेशन में ड्रोन का इस्तेमाल किया और मानव तस्करी की एक कथित कोशिश को नाकाम कर दिया। यह पहली बार है जब इस्लामपुर पुलिस ने मानव तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ ड्रोन से निगरानी करके एक अनोखी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बिहार, असम और गुजरात की कई नाबालिग लड़कियों की तस्करी की जा रही है और उन्हें इस्लामपुर के चंपाबाग इलाके में एक जगह पर छिपाकर रखा गया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया। अभियान में पूरे इलाके की निगरानी के लिए पहली बार ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।पुलिस का दावा है कि ड्रोन को देखते ही कुछ आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, इलाके में पहले से ही गुप्त रूप से तैनात पुलिसकर्मियों ने उनमें से चार को पकड़ लिया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ऑपरेशन में कुल 17 नाबालिग लड़कियों को बचाया गया। एसपी राकेश सिंह ने मीडियाकर्मियों को बताया, “यह पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी है। शुरुआती जांच में इस मामले के एक बड़े मानव तस्करी गिरोह से जुड़े होने का पता चला है। बचाई गई लड़कियां बिहार, असम और गुजरात की हैं। मुख्य तस्करी गिरोह के सरगना का पता लगाने के लिए पुलिस कस्टडी में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। बचाई गई नाबालिगों के लिए काउंसलिंग और जरूरी कानूनी मदद का इंतजाम किया गया है.पुलिस बचाई गई लड़कियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि तस्करों और उनके गिरोह के बारे में और जानकारी मिल सके। मानव तस्करी गिरोह में शामिल बाकी सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में ऐसे अपराधों को रोकने के लिए बांग्लादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।