सरकारी अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव मिला, मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

तिरुवनंतपुरम: तीन अगस्त (ए) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक सरकारी अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात तिरुवनंतपुरम के एसएटी अस्पताल में हुई।

उसने बताया कि करीब 20 वर्षीय अविवाहित युवती को अत्यधिक रक्तस्राव होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि युवती ने अस्पताल के शौचालय में बच्चे को जन्म दिया और बाद में कथित तौर पर नवजात को शौचालय में बहा दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जब युवती शौचालय से बाहर आई तो अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उसके कपड़ों पर खून के धब्बे देखे। पूछताछ करने पर युवती ने कथित तौर पर बताया कि उसका गर्भपात हो गया है।

इसके बाद अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई, जिसने पुलिस को बुलाया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में शौचालय के टैंक से नवजात का शव बरामद किया गया।

युवती का अस्पताल में उपचार जारी है।

तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नवजात के शव को शवगृह भेज दिया गया है।