गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत, पांच घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: 23 अगस्त (ए)।दक्षिण मुंबई में स्थापना के लिए ले जाई जा रही भगवान गणेश की 22 फुट ऊंची विशाल प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों समेत पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि प्रतिमा का ‘वेल्डिंग सपोर्ट’ टूटने के कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में ‘भुलेश्वर राजा गणेश मंडल’ के अध्यक्ष भी शामिल हैं। पुलिस ने इस संबंध में दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक स्थित कबूतरखाना के पास बलराम मर्चेंट रोड पर हुआ।एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि प्रतिमा को भुलेश्वर ले जाया जा रहा था, तभी अचानक वह गिर गई। हादसे में घायल लोगों को तत्काल पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान संकेत नावशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, घायलों में वैभव घेणंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गानर (पांच), दिव्या गानर (सात) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

दस दिवसीय गणेशोत्सव इस वर्ष 14 सितंबर से शुरू होगा। यह मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मनाए जाने वाले सबसे बड़े वार्षिक त्योहारों में से एक है। उत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमाएं पंडालों और घरों में स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है।

मुंबई में हर साल भव्य शोभायात्राएं भी निकाली जाती हैं, जिनमें श्रद्धालु संगीत, ढोल-ताशों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच विभिन्न पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं लेकर पहुंचते हैं।