जौनपुर (उप्र): 23 अगस्त (ए) जौनपुर जिले में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बदलापुर थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) फूलचंद पांडेय ने बताया कि सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी रमेश गौतम (29) अपनी पत्नी रीता देवी (25) के साथ मोटरसाइकिल से शाहपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रमेश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के बाद उनके दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
