आप’ छोड़कर कांग्रेस में शमिल हुईं प्रियंका कक्कड़

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य श्याम सुंदर शर्मा और पत्रकार रजत टंडन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव सैयद नासिर हुसैन, कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में तीनों नेता पार्टी में शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद कक्कड़ ने कहा कि वह ‘‘बहुत गर्व’’ के साथ कांग्रेस में शामिल हो रही हैं क्योंकि वह उस दिल्ली को वापस पाना चाहती हैं, जिसमें वह बड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसी हरी-भरी, स्वच्छ, प्रगतिशील और सुरक्षित दिल्ली चाहती हूं, जो मेरे बचपन और मेरे बड़े होने के वर्षों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।’’

कक्कड़ ने कहा कि भारतीय राजनीति में एक दशक से अधिक समय के अनुभव के बाद उनका मानना है कि कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है।

उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘अगर कोई एक नेता प्रामाणिक है, तो वह राहुल गांधी हैं। वह दृढ़ विश्वास वाले नेता हैं।’’

‘आप’ छोड़ने के कारणों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता से कहा था कि वह बंगला और गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेगी, लेकिन बाद में निजी यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल होने लगे।