ट्रक ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

धार मध्य प्रदेश
Spread the love

धार (मप्र), तीन अक्टूबर (ए) मध्यप्रदेश के धार जिले में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक दंपति और उनकी 13 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा धार जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर महू-नीमच मार्ग पर पितगारा चौराहे के पास हुआ।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि हादसे में राहुल (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और उनकी बेटी सुमन की मौत हो गई, जबकि उनकी दूसरी बेटी शिवानी (15) घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि बदनावर के एक अस्पताल में शिवानी का उपचार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि परिवार खेड़वास स्थित अपने खेत जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

बदनावर के तहसीलदार सुरेश नागर ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे से अधिक समय तक सड़क पर जाम लगा दिया जिससे मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

बाद में स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने तथा ग्रामीणों को समझाने के बाद रास्ता खुलवाया गया।