पेट्रोल पंप पर चाकू गोद कर अधिकारी की हत्या का मसला आईओसी ने अधिकारियों के समक्ष उठाया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: सात अक्टूबर (ए) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने बुधवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र में पेट्रोल पंप को सील करने की कार्रवाई के दौरान अपने एक अधिकारी की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया है।

इस घटना की तुलना 2005 में उत्तर प्रदेश में पेट्रोल पंप का निरीक्षण करने के दौरान मारे गए कंपनी के एक अधिकारी की हत्या से की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक पेट्रोल पंप को सील करने की प्रक्रिया के दौरान इंडियन ऑयल कंपनी के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जब वह और उसके साथी कर्मचारी वहां मौजूद थे।उन्होंने बताया कि यह घटना बासमत तहसील के अंबाचोंडी गांव में शाम करीब 4.30 बजे घटी।पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान महेश शेल्के के रूप में हुई है।पंप पहले काम नहीं कर रहा था और कुछ दिन पहले ही उसने अपना संचालन फिर से शुरू किया है।

जब शेल्के और उनकी टीम पेट्रोल पंप को सील कर रहे थे, तभी कथित तौर पर उनके और पंप मालिक के परिवार के सदस्यों और वहां मौजूद अन्य लोगों के बीच बहस छिड़ गई, जो हिंसक रूप ले गई।

शेल्के को कथित तौर पर चाकू से सात बार वार किया गया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि विवाद के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।