वाशिंगटन: 11 अक्टूबर (ए) रिपब्लिकन पार्टी के नेता एवं सांसद ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने कहा है कि रूसी डीजल की आपूर्ति पर लगे प्रतिबंध हटाने के अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले पर रोक लगाने के लिए वह एक द्विदलीय विधेयक पेश करेंगे।
फिट्जपैट्रिक की इस पहल को नेब्रास्का से रिपब्लिकन पार्टी के निवर्तमान सांसद डॉन बेकन का भी समर्थन मिला है और वह विधेयक के सह-प्रस्तावक बनने पर सहमत हो गए हैं।
हालांकि, यह पहल काफी हद तक प्रतीकात्मक साबित हो सकती है, क्योंकि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का मौजूदा कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो रहा है और विधेयक पारित करने के लिए उसके पास कुछ ही महीने बचे हैं।
‘कांग्रेसनल यूक्रेन कॉकस’ के सह-अध्यक्ष फिट्जपैट्रिक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम रूसी तेल की किसी भी तरह की खरीद पर रोक लगाने के लिए एक द्विदलीय विधेयक पेश करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसका नाम ‘रोनाल्ड रीगन पीस थ्रू स्ट्रेंथ एक्ट’ रखा जाएगा। इसे एक विशेष प्रक्रिया के जरिए सदन में मतदान के लिए लाया जाएगा और यह भारी बहुमत से पारित होगा।’’
वहीं, बेकन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं इस विधेयक का शुरुआती सह-प्रस्तावक बनने पर पहले ही सहमत हो चुका हूं। कांग्रेस को इसके (ट्रंप के कदम के) खिलाफ अपना रुख स्पष्ट करना ही होगा।’’
ट्रंप ने पुतिन के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद शुक्रवार को घोषणा की थी कि उन्होंने अमेरिका और वैश्विक बाजार में तत्काल 3,00,000 टन डीजल की आपूर्ति करने के लिए रूस के साथ एक समझौता किया है।