कनाडा में जबरन वसूली और अन्य आरोपों में भारतीय मूल के पांच लोग गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

टोरंटो, तीन अक्टूबर (ए) कनाडा में भारतीय मूल के पांच लोगों को कथित जबरन वसूली अभियान के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस और खबरों के अनुसार, इस अभियान में गोलीबारी, आगजनी, हथियारों की तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े अपराध शामिल हैं।

‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि ये गिरफ्तारियां एक वाहन डीलरशिप की 16 महीने तक चली जांच के बाद हुईं।

बयान के अनुसार, डीलरशिप के सह-मालिकों ने जून 2025 में जबरन वसूली की मांगों की शिकायत की थी और आरोप लगाया गया था कि उसके लैंगली और सरे स्थित प्रतिष्ठानों पर आगजनी और गोलीबारी हुई।

आरसीएमपी ने पांचों आरोपियों को “विदेशी नागरिक” बताया है।

बयान के अनुसार, इनमें से 23 वर्षीय संकेत सिंगला, भारत का रहने वाला है। उसे बृहस्पतिवार को टोरंटो पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।

इसके अनुसार, अन्य आरोपियों ब्रिटिश कोलंबिया के निवासी 24 वर्षीय साहिल, 24 वर्षीय सिमरनजीत सिंह और 21 वर्षीय हर्ष तथा ओंटारियो निवासी 24 वर्षीय जगदीप सिंह को सरे में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पांचों अभी भी हिरासत में हैं।

ब्रिटिश कोलंबिया (बीस) प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने बृहस्पतिवार को पांचों के खिलाफ जबरन वसूली के आरोप लगाए। इनमें से कुछ आरोपियों पर आग्नेयास्त्रों, आगजनी, विस्फोटकों और कोकीन की तस्करी से जुड़े अतिरिक्त आरोप भी लगाए गए हैं।

‘सीबीसी न्यूज’ की खबर के अनुसार, सिंगला और सिमरनजीत सिंह ने आग या विस्फोट के जरिए एक वाहन को नुकसान पहुंचाया और संपत्ति को नष्ट या क्षतिग्रस्त करने के इरादे से ऑटो शॉप के भीतर मोलोटोव कॉकटेल (पेट्रोल बम)फेंके।