गांजा तस्करी का आरोपी हवालात की खिड़की तोड़कर फरार, दो कांस्टेबल निलंबित

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 25 अक्टूबर (ए) राजस्थान के धौलपुर जिले में 261 किलोग्राम गांजा बरामद होने के मामले में पकड़ा गया व्यक्ति दिहौली थाने के हवालात की खिड़की तोड़कर फरार हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आठ दिन पहले हाईवे पर कार्रवाई करते हुए 261 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। इस मामले में पुलिस ने आंध्र प्रदेश के दो आरोपियों अमर चैतन्य और श्रीनिवासन टी को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। आरोपी अमर चैतन्य फिलहाल जेल में बंद है, जबकि श्रीनिवासन टी को पुलिस रिमांड पर लिया गया था।रिमांड के दौरान दिहौली थाने में रखा गया श्रीनिवासन टी खिड़की तोड़कर भाग निकला। आरोपी के कस्टडी से फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी का सुराग लगाने के लिए लगातार प्रयासरत है।