चाचा ने भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 27 अक्टूबर (ए) राजस्थान के डीडवाना जिले में मंगलवार को मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने किशोरी को बचाने आई उसकी बुजुर्ग दादी पर भी कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, घटना खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में हुई, जहां आरोपी ओमप्रकाश उर्फ आकाश अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा था।

पुलिस ने बताया कि आकाश की किसी बात को लेकर अपनी भतीजी अक्षिता उर्फ मीनू से बहस हो गई और उसने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से किशोरी पर कथित तौर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि किशोरी को बचाने के लिए उसकी दादी तुलछा देवी पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसने बताया कि गंभीर रूप से घायल तुलछा देवी का कुचामन जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया।

एक अधिकारी ने बताया कि तलाश के दौरान पुलिस जब आरोपी के पास पहुंची, तो पाया कि उसने कीटनाशक का सेवन कर रखा है।

अधिकारी के अनुसार, मुंह से झाग निकलने और अचेत अवस्था में होने के कारण आरोपी को डीडवाना के राजकीय बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार जारी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।