उप्र विधान परिषद चुनाव : अब तक चार सीट भाजपा के खाते में, दो सपा को मिलीं

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 28 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव के लिए जारी मतगणना में अब तक छह सीट के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए गए हैं, जिनमें से चार सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दो पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत हासिल की है।

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है।

राज्य निर्वाचन कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी परिणाम के अनुसार, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने जीत हासिल की है।

वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने काफी विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच जीत हासिल की। यादव ने परिणाम घोषित होने से पहले ही अपनी जीत का दावा करते हुए प्रशासन पर जीत की आधिकारिक घोषणा करने में देरी का आरोप लगाया।

चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए थे और कहा था कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन परिणाम घोषित नहीं कर रहा।

उन्होंने कहा था कि यादव की जीत के बावजूद करीब छह घंटे तक परिणाम की आधिकारिक घोषणा नहीं किए जाने से संदेह पैदा होता है।वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मानसिंह यादव और लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने मजबूत बढ़त बना रखी है।

वहीं, आगरा-अलीगढ़ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह जीत की ओर बढ़ रहे हैं।

शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधान परिषद सीट के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।

इससे पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें सपा प्रत्याशी अग्रवाल फटा कुर्ता पहने दिखाई दे रहे हैं और उनके समर्थक उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।

यादव ने पोस्ट में कहा, ‘‘अब भाजपा खुद ही बताए कि आगरा से जीतते हुए सपा के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ उसके लोगों द्वारा किया गया यह व्यवहार कितना जायज है।’’

उन्होंने निर्वाचन आयोग के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति से भी मामले का तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया और प्रशासन से अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र तुरंत देने का आग्रह किया।

वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अंतिम चरण की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव पर बढ़त बना रखी है।

इस सीट पर मतगणना के दौरान मतों की संख्या में अंतर और मतगणना प्रक्रिया को लेकर विवाद हुआ। मऊ के एक बूथ की मतपेटी में दर्ज संख्या से 52 मत अधिक मिलने पर प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई। इसके अलावा, एक प्रत्याशी की शिकायत के बाद अयोध्या के अपर आयुक्त अजय सैनी को मतगणना ड्यूटी से हटा दिया गया।

हालांकि, प्रशासन ने कहा कि मतगणना नियमानुसार कराई जा रही है।