कराची बंदरगाह पर फंसे छह भारतीय नाविक सुरक्षित हैं : सरकारी सूत्र

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 29 अक्टूबर (ए) कराची बंदरगाह पर मालवाहक जहाज में फंसे सभी छह भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

खबरों के अनुसार, जहाज ‘केवर’ में सवार छह भारतीय नाविक जहाज के मालिकों और बंदरगाह अधिकारियों के बीच विवाद के बाद कराची में फंस गए हैं।

इस संबंध में तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जहाज कराची बंदरगाह पर सुरक्षित रूप से खड़ा है।

उन्होंने बताया कि जहाज के मालिक बंदरगाह अधिकारियों से चालक दल के नए सदस्यों को जहाज पर सवार होने की औपचारिक मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी (भारतीय नाविकों) जगह लेने वाले नाविक पहले से ही पाकिस्तान के एक होटल में ठहरे हुए हैं।’’

अधिकारी ने यह भी कहा कि जहाज के मालिकों और चालक दल के सदस्यों के साथ चौबीसों घंटे समन्वय बनाए रखा जा रहा है।