पेशावर: दो नवंबर (ए) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक घर के अंदर हुई गोलीबारी की घटना में दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जिला पुलिस अधिकारी सलाहुद्दीन कुंडी ने बताया कि घटना हंगू जिले के सरूखेल इलाके में दोआबा थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नूर रहमान, उनकी दो पत्नियों, दो बेटियों और एक बेटे के रूप में हुई है।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने शवों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दोआबा अस्पताल भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया।
कुंडी ने कहा कि गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों और मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
