मेरठ (उप्र): दो नवम्बर (ए) मेरठ के नौचंदी थाने में गैर-जमानती वारंट पर गिरफ्तार किया गया एक आरोपी सोमवार सुबह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी की पहचान जैदी फार्म के ढिवाई नगर निवासी अरशद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ चोरी, लूट और जेब काटने के चार मुकदमे दर्ज हैं। न्यायालय से हाल में गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने रविवार रात उसे गिरफ्तार किया था।
सहायक पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइंस) दीक्षा भौरया ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नौचंदी थाने से एक गैर-जमानती वारंट के आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की सूचना मिली जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित किया गया है तथा उनके खिलाफ विभागीय जांच की संस्तुति भी की गई है।
भौरया ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए थाना स्तर पर तीन दल गठित किये गये हैं तथा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
