गवर्नर से लेकर ‘सिटी काउंसिल’ तक, अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में भारतीय-अमेरिकी मैदान में

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: दो नवंबर (ए) अमेरिका में मंगलवार को होने वाले मध्यावधि चुनावों में, गवर्नर से लेकर ‘सिटी काउंसिल’ सदस्य तक, कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार सार्वजनिक पदों के लिए मैदान में हैं, जो 52 लाख लोगों वाले अपने समुदाय के लिए सत्ता में हिस्सेदारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन वाले रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी ओहियो के गवर्नर पद का चुनाव लड़ रहे हैं और डेमोक्रेट एमी एक्टन के साथ उनकी कड़ी टक्कर है।

यदि रामास्वामी जीत जाते हैं, तो वह लुइसियाना के बॉबी जिंदल और साउथ कैरोलिना की निक्की हेली के बाद भारतीय मूल के तीसरे गवर्नर होंगे। मंगलवार को होने वाले मध्यावधि चुनावों में जहां कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार मैदान में हैं, वहीं 1956 में दिलीप सिंह सौंद ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया था।

अमृतसर में जन्मे सौंद अमरिकी कांग्रेस के लिए चुने जाने वाले पहले एशियाई अमेरिकी और पहले सिख बने। वह तीन बार अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए।हैदराबाद में जन्मीं मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर, डेमोक्रेटिक पार्टी के गढ़ माने जाने वाले इस राज्य में फिर से चुनाव लड़ रही हैं, जबकि नित्या रमन अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर, लॉस एंजिलिस की मेयर बनने की दौड़ में शामिल हैं।

अमेरिकी कांग्रेस के मौजूदा सदस्य – रो खन्ना, अमी बेरा, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम के तीन नवंबर के चुनावों में फिर से प्रतिनिधि सभा में चुनकर आने की उम्मीद है। ये सभी डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य हैं। कैलिफोर्निया के 17वें जिले में खन्ना का मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के रितेश टंडन से है, जो भारतीय-अमेरिकी उद्यमी हैं।

वाशिंगटन के सातवें जिले में, जयपाल का मुकाबला रिपब्लिकन नीरव सेठ से है, जो गुजरात में जन्मे पूर्व अमेरिकी मरीन हैं।अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपने साथी डेमोक्रेट नेताओं के साथ शामिल होने के इच्छुक लोगों में पिया डंडिया और अमीश शाह शामिल हैं। पिया डंडिया पूर्व स्कूल प्रधानाचार्य हैं, और उनका फ्लोरिडा से रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अक्सार से कड़ा मुकाबला है। वहीं, चिकित्सक अमीश शाह एरिजोना से चुनाव मैदान में हैं। शाह और डंडिया, दोनों को कांग्रेस संबंधी डेमोक्रेटिक प्रचार समिति का समर्थन मिला है, ताकि इस सीट को पार्टी के पक्ष में पलटा जा सके।

प्रतिनिधि सभा के अन्य उम्मीदवारों में नॉर्थ कैरोलिना के चौथे जिले से रिपब्लिकन महेश गनोर्कर, और ओहायो के 13वें जिले से निर्दलीय संदीप दीक्षित तथा मिशिगन के 11वें जिले से निर्दलीय अनिल कुमार शामिल हैं।एरिजोना में, प्रिया सुंदरेशन राज्य सीनेट के लिए फिर से चुनाव लड़ रही हैं। अगर डेमोक्रेटिक पार्टी को बहुमत मिलता है, तो वह 30 सदस्यों वाले इस सदन की अध्यक्ष बनने की दौड़ में भी शामिल होंगी।

दिल्ली में पढ़ी-लिखी लिसा कौल न्यूयॉर्क राज्य सीनेट की दौड़ में हैं, जबकि जोश कौल विस्कॉन्सिन के अटॉर्नी जनरल के तौर पर फिर से चुने जाने की कोशिश कर रहे हैं।