रामलीला मैदान की रैली में शामिल नहीं होने पर युवा कांग्रेस के 83 पदाधिकारी निलंबित

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: चार नवंबर (ए) भारतीय युवा कांग्रेस ने बीते एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होने पर तीन राज्यों के अपने 83 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

संगठन की ओर से की गई कार्रवाई के तहत मध्य प्रदेश के 60, हरियाणा के 10 और हिमाचल प्रदेश के 13 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के नेता शामिल हैं।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।

बयान के अनुसार, एक नवंबर, 2026 को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी विरोधी रैली’ से अनुपस्थित रहने के कारण संगठनात्मक अनुशासनहीनता का मामला सामने आया था। बयान में कहा गया है कि इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने कहा कि यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।