सड़क दुर्घटना में पिता और दो बच्चों समेत चार की मौत, दो अन्य घायल

कबीरधाम छत्तीसगढ़
Spread the love

कवर्धा: 11 नवंबर (ए) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर में एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बनिया और गौरमाटी गांव के बीच हुए इस हादसे में भूपेन्द्र कश्यप (40), उनकी बेटी ऋतु कश्यप (15), बेटा पंकज कश्यप (12) तथा एक अन्य व्यक्ति भावेश सिन्हा (20) की मृत्यु हो गई। इस घटना में तोमन मरावी (18) और भानुप्रताप सिंह (17) घायल हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि बेमेतरा जिले के बनरांका गांव के निवासी भूपेंद्र कश्यप अपने दो बच्चों के साथ कबीरधाम आए थे और बनिया तथा गौरमाटी गांव के मध्य पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल कबीरधाम जिले के नवघटा गांव के निवासी भावेश सिन्हा की मोटरसाइकिल से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि भावेश के साथ मोटरसाइकिल पर तोमन और भानुप्रताप सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों को थान खम्हरिया गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।