गाजा के अस्पताल पर इजराइल के हमले में छह लोगों की मौत: स्वास्थ्य अधिकारी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

काहिरा: 12 नवंबर (एपी) दक्षिणी गाजा के नासिर अस्पताल को निशाना बनाकर इजराइल की ओर किए गए हवाई हमले में छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 अन्य घायल हो गए। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

इजराइल की सेना के अनुसार, यह हमला बृहस्पतिवार तड़के किया गया।

सेना ने बिना कोई साक्ष्य प्रस्तुत किए कहा कि उसने चरमपंथी समूह ‘‘हमास के एक आतंकवादी’’ और अन्य चरमपंथियों को निशाना बनाते हुए यह हमला किया।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमला अस्पताल के सर्जरी विभाग में हुआ और मृतकों में एक डॉक्टर भी शामिल है।

घटनास्थल पर मौजूद ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक संवाददाता ने बताया कि इमारत की दूसरी मंजिल के कुछ हिस्से पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

खान यूनिस शहर स्थित नासिर अस्पताल गाजा में बचे गिने-चुने चालू चिकित्सा केंद्रों में से एक है, जहां युद्ध के कारण स्वास्थ्य सेवा का बुनियादी ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है। इजराइल का आरोप है कि हमास और उसके सहयोगी अस्पतालों की आड़ में सैन्य गतिविधियां संचालित करते हैं।

इजराइली बलों ने इससे पहले भी नासिर अस्पताल को निशाना बनाया है। वर्ष 2025 में, जब सेना ने अस्पताल परिसर में स्थानीय पत्रकारों के एकत्र होने के स्थान पर हमला किया था, तो उसमें एपी की सहयोगी मरियम दग्गा सहित पांच पत्रकार मारे गए थे।