नयी दिल्ली, 12 नवंबर (ए) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के सत्यवती कॉलेज के एक प्रोफेसर को छात्रा के साथ कथित अनुचित व्यवहार करने की शिकायत मिलने के बाद जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया है। कॉलेज के संकाय सदस्यों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सदस्यों ने बताया कि शिकायत कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के पास भेज दी गई है।
एक संकाय सदस्य ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, “हमने जो सुना है, उसके मुताबिक आरोपी प्रोफेसर कॉलेज में उप-प्राचार्य के पद के लिए संभावित आवेदकों में से एक थे।”
उन्होंने कहा, “शिकायत सही है या नहीं, इसकी जांच निश्चित रूप से आईसीसी उचित समय पर करेगी, लेकिन ऐसा लगता है कि उन्होंने छात्रा को सआदत हसन मंटो की कुछ रचनाएं भेजी थीं, जो संभवतः किसी नियमित गतिविधि का हिस्सा हो सकता है।”
संकाय सदस्यों के मुताबिक, छात्रा ने कथित घटना के दो दिन बाद दो नवंबर को प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले को लेकर सत्यवती कॉलेज के प्राचार्य सुभाष कुमार सिंह की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को कुछ दिन पहले यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और शैक्षणिक प्रतिशोध की कथित धमकी से जुड़ी शिकायत के बाद जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया था। इस मामले की जांच भी आंतरिक शिकायत समिति कर रही है।
