उप्र: बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम को जान से मारने की धमकी, दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उत्तर प्रदेश बरेली
Spread the love

बरेली: 13 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी (प्रथम) शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि महापौर के निजी सहायक प्रद्युम्न वात्स्यायन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 (3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार, 11 नवंबर को प्रद्युम्न के मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आईं और कॉल करने वालों में एक ने अपना नाम मोहित उपाध्याय और दूसरे ने संजीव अग्रवाल बताया।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों ने बातचीत के दौरान महापौर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस फोन कॉल और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है तथा आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और महापौर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गयी थी।

उन्होंने मौजूदा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।