खगड़िया: 14 नवंबर (ए) बिहार के खगड़िया जिले में शुक्रवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने पुलिस के एक जवान की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतका की पहचान लोनियाचक मथुरापुर गांव के वार्ड संख्या आठ के निवासी गौतम कुमार चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या की घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। परिजनों ने हत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई है, हालांकि वारदात के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलने पर भरतखंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
भरतखंड की थाना प्रभारी सावित्री कुमारी ने बताया कि मृतका की पीठ में एक गोली लगी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
कुमारी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी सूचना दी गई है।
बताया जा रहा है कि श्वेता कुमारी की शादी वर्ष 2011 में गौतम कुमार चौधरी से हुई थी। उसका मायका जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव में है। दंपति के एक बेटा और एक बेटी हैं।
